- लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए सभागार में हुआ महर्षि वाल्मीकि जयंती पर जिला स्तरीय समारोह का आयोजन

- भाजपा जिलाध्यक्ष विरेन्द्र कौशिक, एडीसी दीपक बाबूलाल करवा, एसडीएम महेश कुमार भी रहे मौजूद

भिवानी, 26 अक्टूबर। भगवान महर्षि वाल्मीकि की जयंती पर सोमवार को लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए सभागार में जिला स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया। सांसद चौ. धर्मबीर सिंह ने समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने महर्षि वाल्मीकि के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलित व पुष्प अर्पित किए। इस दौरान एडीसी दीपक बाबूलाल करवा, एसडीएम महेश कुमार व भाजपा जिलाध्यक्ष विरेन्द्र कौशिक भी मौजूद रहे। सांसद ने कहा कि हमें महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों को जीवन में धारण करना चाहिए।

समारोह में अपना संदेश देते हुए सांसद ने कहा कि संत-महापुरूषों के जंयती समारोह समाज में समरसता लाने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि द्वारा रचित रामायण के राम, लक्ष्मण, सीता और रावण सहित सभी पात्रों के जीवन से कोई न कोई उपदेश हमें जरूर मिलता है। जहां एक तरफ राम का जीवन दर्शन मर्यादा का संदेश देता है, वहीं दूसरी तरफ रावण की सोच हमें यह उपदेश देती है कि जीवन में कभी भी किसी पद या प्रतिष्ठïा का अहंकार नहीं करना चाहिए, यह विनाश का कारण बनता है। उन्होंने कहा कि हमें किसी भी ताकत का गलत प्रयोग नहीं करना चाहिए। इसी प्रकार से लक्ष्मण के जीवन से हमें भाई के लिए त्याग की शिक्षा मिलती है। उन्होंने कहा कि विडंबना इस बात की है कि रामायण को देखने के बाद हम घर आकर उसी रामायण पर अमल नहीं करते, जबकि हमें उस पर गौर करना चाहिए।

सांसद ने कहा कि मौजूदा समय में समाज और परिवारों के बदलते स्वरूप को देखते हुए हमें भगवान महर्षि वाल्मीकि जैसे संत-महापुरूषों द्वारा रचित ग्रंथों और उनके उपदेशों को अपनाना होगा। संत-महापुरूषों की शिक्षाएं समाज के लिए मार्गदर्शक का काम करती हैं।

समारोह को संबोधित करते हुए एडीसी दीपक बाबू लाल करवा ने कहा कि भगवान महर्षि वाल्मीकि के जीवन से यह शिक्षा मिलती है कि जीवन में सीकने के लिए कोई उम्र नहीं होती। जीवन में जिज्ञासा का जागृत होना जरूरी है। ह्रïदय परिवर्तन कभी भी किया जा सकता है।

भाजपा जिलाध्यक्ष विरेन्द्र कौशिक ने कहा कि सामाजिक तानेबाने की मजबूती व समृद्घि के लिए ही प्रदेश सरकार द्वारा सरकारी तौर पर संत-महापुरूषों की जयंतियों का आयोजन किया जा रहा है। सरकार का मुख्य उद्देश्य संत-महापुरूषों के उपदेशों को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने समारोह पर शामिल होने पर सांसद धर्मवीर सिंह का आभार प्रकट किया।

इस दौरान भाजपा एससी सैल से जिलाध्यक्ष एडवोकेट अशोक बिडलान और करनैल बागड़ी ने भी अपने विचार रखे। समारोह में पार्षद संदीप यादव व सुभाष तंवर के अलावा सफाई निरीक्षक विकास देशवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।