हरियाणा सरकार में खेल एवं युवा अधिकारिता राज्य मंत्री गौरव गौतम ने रविवार को पलवल में परिवारजनों एवं साथियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 139वें संस्करण को सुना। इस दौरान प्रधानमंत्री ने जैविक खेती, स्वदेशी उत्पादों, खादी, स्थानीय कारीगरों, ई-संजीवनी, अंगदान, पूर्वोत्तर की संस्कृति और श्री अन्न की समृद्ध परंपरा सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा किए।
प्रधानमंत्री ने स्वच्छता, ‘वोकल फॉर लोकल’ और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने देशवासियों को स्थानीय उत्पादों को अपनाने, स्वदेशी वस्तुओं को बढ़ावा देने तथा स्थानीय कारीगरों के योगदान को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया। इसके साथ ही उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं में ई-संजीवनी की भूमिका और अंगदान के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने महर्षि वाल्मीकि जी की रामायण का उल्लेख करते हुए भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत की महत्ता को रेखांकित किया। उन्होंने पूर्वोत्तर भारत की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं और श्री अन्न के महत्व के माध्यम से देश की विविधता तथा पारंपरिक ज्ञान को भी सामने रखा।
हरियाणा सरकार में खेल एवं युवा अधिकारिता राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचार देशवासियों को राष्ट्र निर्माण, सामाजिक सहभागिता और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं। स्वदेशी उत्पादों को अपनाना, स्थानीय कारीगरों का सम्मान करना और भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं को सहेजना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को आयोजित होने वाली ‘रन फॉर यूनिटी’ में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया है। यह आयोजन राष्ट्रीय एकता, अखंडता और भाईचारे की भावना को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
गौरव गौतम ने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम देश के नागरिकों को सकारात्मक कार्यों, सामाजिक सरोकारों और राष्ट्रहित में योगदान देने के लिए प्रेरित करता है। प्रधानमंत्री के संदेशों से स्वदेशी, जनभागीदारी, सांस्कृतिक गौरव और राष्ट्रीय एकता के संकल्प को नई मजबूती मिलती है। इस अवसर पर आमजन, पार्टी कार्यकर्ता और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।




