कैथल, 22 अक्टूबर। डीसी अपराजिता ने कहा कि बाल प्रतियोगिताएं बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच प्रदान करती हैं। इनसे न केवल बच्चों की रचनात्मक क्षमता और कलात्मक कौशल निखरता है, बल्कि उनका आत्मविश्वास भी बढ़ता है। ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों को अपनी क्षमताओं को पहचानने, नई चीजें सीखने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं। इसलिए बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ सांस्कृतिक और खेलकूद गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए।

डीसी अपराजिता वीरवार को जिला बाल कल्याण परिषद की ओर से बाल भवन में आयोजित जिला स्तरीय बाल प्रतियोगिताओं का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ करने के उपरांत संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि बच्चों का सर्वांगीण विकास तभी संभव है, जब उन्हें शिक्षा के साथ अपनी प्रतिभा को निखारने के पर्याप्त अवसर मिलें। इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों में अनुशासन, सकारात्मक प्रतिस्पर्धा और आत्मविश्वास की भावना विकसित करती हैं। उन्होंने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लें और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करें।

कार्यक्रम में पहुंचने पर जिला बाल कल्याण अधिकारी बलबीर सिंह चौहान ने डीसी अपराजिता का स्वागत किया और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मान किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उत्साह और उमंग का माहौल बनाया। इस अवसर पर वंदना गर्ग, आरती डूडेजा, वीना रानी, मधु गोयल और ट्विंकल सहित अन्य निर्णायकों ने निर्णायक मंडल की भूमिका निभाई।

एकल गीत, देशभक्ति समूह गीत और नृत्य प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाया हुनर

जिला बाल कल्याण अधिकारी बलबीर सिंह चौहान ने बताया कि जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के तहत वीरवार को एकल गीत, देशभक्ति समूह गीत, एकल हरियाणवी रागनी और एकल शास्त्रीय नृत्य प्रतियोगिताएं द्वितीय, तृतीय एवं चतुर्थ समूहों में आयोजित की गईं। इनमें जिले के सरकारी और गैर-सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को जोनल स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर मिलेगा। वहीं, प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थियों को 14 नवंबर 2026 को बाल दिवस के अवसर पर बाल भवन में आयोजित कार्यक्रम में पुरस्कृत किया जाएगा।

23 अक्टूबर को होंगी एकल नृत्य और एकांकी नाटक प्रतियोगिताएं

जिला बाल कल्याण अधिकारी ने बताया कि बाल प्रतियोगिताओं की श्रृंखला के तहत 23 अक्टूबर को एकल नृत्य प्रतियोगिता प्रथम एवं द्वितीय समूह में तथा वन एक्ट प्ले (एकांकी नाटक) प्रतियोगिता चतुर्थ समूह में आयोजित की जाएगी। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी अभिनय, नृत्य और रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।