उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने शुक्रवार को विभिन्न शिकायत निवारण पोर्टलों पर लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए कहा कि जनसमस्याओं का त्वरित निस्तारण एवं नागरिक संतुष्टि जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने विभागाध्यक्षों को निर्देश देते हुए कहा कि आमजन की शिकायतों का समयबद्ध एवं प्रभावी रूप से समाधान होना चाहिए। जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिकायतकर्ता की वास्तविक संतुष्टि ही समस्या का निस्तारण है।
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने कहा कि सभी विभागाध्यक्ष पेंडिंग शिकायतों को गंभीरता से लेकर उनका जल्द से जल्द निपटारा सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सीएम विंडो, सीपीजीआरएएमएस, सीएम जनसंवाद, समाधान शिविर और सीएम एसएमजीटी हरियाणा सहित किसी भी शिकायत निवारण पोर्टल पर अनावश्यक रूप से कोई शिकायत लंबित न रहे। इससे पहले हरियाणा सरकार के उच्चाधिकारियों द्वारा वीसी के माध्यम से जिला उपायुक्तों की स्टेट लेवल जनसंवाद की राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक ली गई। जिला पलवल से उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर प्रशासनिक अधिकारियों के साथ वीसी से जुड़े।
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि लंबित एवं ओवरड्यू शिकायतों की नियमित समीक्षा करते हुए उनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। शिकायतों के निपटारे में किसी भी स्तर पर देरी न हो और प्रत्येक शिकायत पर की गई कार्रवाई की रिपोर्ट (एटीआर) निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पोर्टल पर अपलोड की जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निपटारा केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए और उससे फीडबैक भी लें।
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने एटीआर अपलोड करने में निर्धारित प्रक्रिया का पालन करने पर जोर देते हुए कहा कि रिपोर्ट में कार्रवाई का स्पष्ट विवरण, आवश्यक तथ्य और संबंधित दस्तावेज शामिल होने चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि कोई भी डीडीओ बिना हस्ताक्षर एवं मुहर के एटीआर अपलोड न करे। एटीआर पर संबंधित सक्षम अधिकारी अथवा एमिनेंट पर्सन के हस्ताक्षर सुनिश्चित किए जाएं, ताकि शिकायत के निपटारे की प्रक्रिया पारदर्शी और जवाबदेह बनी रहे।
उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने-अपने डीडीओ लॉगिन नियमित रूप से चेक करने तथा शिकायतों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के समयबद्ध समाधान के साथ-साथ डिस्पोज ऑफ स्कोर में सुधार पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। जिला प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक शिकायत का नियमानुसार समाधान करते हुए आमजन को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध करवाना है। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद, जिला परिषद के कार्यकारी अधिकारी जितेंद्र कुमार, नगराधीश प्रीति रावत, जिला राजस्व अधिकारी बलराज सिंह, बिजली निगम के अधीक्षक अभियंता रंजन राव सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।


_20261018185332_559059.jpeg)

