जिला में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के सफल संचालन को लेकर दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर के मार्गदर्शन में दिन चार्ज अधिकारियों और कर्मचारियों को जनगणना कार्य से जुड़े डिजिटल टूल्स, मोबाइल ऐप और डेटा प्रबंधन की तकनीकी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

जनगणना प्रशिक्षण में जिला जनगणना समन्वय अधिकारी शिवम सिंह ने मुख्य प्रशिक्षक के रूप में प्रतिभागियों को जनगणना कार्य की विभिन्न प्रक्रियाओं से अवगत कराया। उन्होंने सीएमएमएस पोर्टल के उपयोग, डेटा संग्रहण, सही तरीके से डेटा एंट्री करने तथा सर्वर पर सुरक्षित रूप से जानकारी अपलोड करने की प्रक्रिया बारीकी से समझाई।

शिवम सिंह ने कहा कि जनगणना कार्य में आंकड़ों की शुद्धता और निर्धारित समय सीमा का पालन बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कर्मचारियों को तकनीकी त्रुटियों से बचने, डेटा की गुणवत्ता बनाए रखने और कानूनी प्रावधानों के अनुरूप नागरिकों की जानकारी की गोपनीयता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, फील्ड स्तर पर आने वाली संभावित समस्याओं और उनके समाधान पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

प्रशिक्षण के दौरान उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर के निर्देशों के अनुरूप जनगणना कार्य को पारदर्शी, व्यवस्थित और संवेदनशील तरीके से संपन्न करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि वे फील्ड में आम नागरिकों के साथ शालीन व्यवहार करें और कार्य के दौरान आपसी समन्वय बनाए रखें। कार्यक्रम का पहला दिन प्रशासनिक तैयारियों, तकनीकी जानकारी और डिजिटल प्रक्रियाओं की समझ मजबूत करने पर केंद्रित रहा।