पलवल, 6 नवंबर। त्योहारी सीजन के दौरान मिठाइयों एवं अन्य खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने तथा आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से पलवल जिले में उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर के मार्गदर्शन में विशेष जांच एवं छापेमारी अभियान लगातार जारी है। एडीसी पलवल द्वारा गठित डीसी स्क्वॉड की टीम तहसीलदार पलवल श्री अशोक कुमार की अध्यक्षता में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच कर रही है। इसी अभियान के तहत पिछले दो दिनों में जिले की विभिन्न दुकानों से कुल 26 खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए गए हैं।
अभियान के अंतर्गत राम स्वीट्स, एम/एस चेतन स्वीट्स, अरोड़ा स्वीट्स एवं गुरदयाल स्वीट्स से बर्फी, डोडा बर्फी, रसगुल्ला, खोया, मूंग की बर्फी एवं नारियल लड्डïू सहित विभिन्न मिठाइयों के कुल 13 सैंपल जांच के लिए लिए गए हैं। त्योहारी सीजन के दौरान पलवल जिले में अब तक कुल 98 खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए जा चुके हैं। सभी नमूनों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।
पिछले वर्षों की तुलना में इस बार व्यापक स्तर पर हो रही कार्रवाई
जिले में पिछले कई वर्षों की तुलना में इस बार मिठाई विक्रेताओं एवं अन्य खाद्य कारोबारियों के प्रतिष्ठानों पर व्यापक स्तर पर जांच और छापेमारी की जा रही है। विभाग की ओर से लगातार की जा रही कार्रवाई के परिणामस्वरूप इस बार रिकॉर्ड स्तर पर खाद्य पदार्थों की सैंपलिंग की जा रही है। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
पूरे साल जारी रहेगा सैंपलिंग अभियान, नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ईश्वर कुमार ने बताया कि खाद्य पदार्थों की सैंपलिंग का अभियान केवल त्योहारी सीजन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे वर्ष लगातार जारी रहेगा। उन्होंने सभी मिठाई विक्रेताओं एवं खाद्य कारोबारियों से अपील की कि वे अपने प्रतिष्ठानों का खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत अनिवार्य पंजीकरण अथवा लाइसेंस अवश्य बनवाएं और निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि अन्य राज्यों अथवा दूसरे स्थानों से मिठाइयां मंगवाकर पलवल में बिक्री करने वाले कारोबारियों पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके अतिरिक्त बड़ी डेयरियों, मिठाई निर्माण इकाइयों एवं अन्य खाद्य विनिर्माण प्रतिष्ठानों को भी जांच अभियान के दायरे में शामिल किया जाएगा।
आमजन को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाना प्राथमिकता
खाद्य सुरक्षा विभाग का मुख्य उद्देश्य खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ आमजन को शुद्ध, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाना है। विभाग द्वारा जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जांच एवं निगरानी अभियान निरंतर जारी रखा जाएगा।




