शिक्षा मंत्रालय कल 28 अक्टूबर, 2026 को नई दिल्ली में विकसित भारत बिल्डाथॉन 2025 का भव्य समापन और सम्मान समारोह आयोजित करेगा। केंद्रीय शिक्षा मंत्री श्री प्रल्हाद जोशी विजेता छात्र नवोन्मेषकों को सम्मानित करेंगे।

विकसित भारत बिल्डाथॉन 2025 को भारत में स्कूली शिक्षा और जमीनी स्तर पर नवाचार के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में, आधिकारिक तौर पर सबसे बड़ी नवाचार समाधान प्रतियोगिता के तौर पर गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स का प्रमाणन प्राप्त हुआ है और भारत के युवाओं को वैश्विक मंच पर पहचान मिली है।

इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्तर पर विजेता 10 टीमों और नवोन्मेषकों को सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर उनके परिवर्तनकारी समाधान और मॉडल प्रदर्शित किये जाएंगे। कार्यक्रम में गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स प्रमाणन प्रदान किए जाने का आधिकारिक समारोह भी आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम में केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा उल्लास – नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत शिक्षक शिक्षा संस्थानों के लिए दिशानिर्देश भी जारी किए जाएंगे। मंत्रालय के दोनों विभागों—स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग (DoSEL) और उच्च शिक्षा विभाग—द्वारा छठे विशेष अभियान के तहत की गई पहल भी प्रस्तुत किये जाएंगे। इनमें ई-कचरे के प्रति जागरूकता और ई-कचरा संग्रहण के प्रयासों को दर्शाया जाएगा।

केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री श्री जयंत चौधरी भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग सचिव श्री टी. के. अनिल कुमार, अपर सचिव श्री धीरज साहू, अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद के अध्यक्ष प्रो. टी. जी. सीताराम, शिक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी, स्वायत्त निकायों के प्रमुख प्रतिनिधि एवं प्रमुख, राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों के शिक्षा विभागों तथा सहयोगी संस्थानों के प्रतिनिधि कार्यक्रम में शामिल होंगे।

स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा नीति आयोग के अटल नवाचार मिशन और अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद के सहयोग से आयोजित विकसित भारत बिल्डाथॉन 2025 स्कूली विद्यार्थियों में रचनात्मक समस्या-समाधान, उद्यमशीलता और वैज्ञानिक जिज्ञासा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आरंभ की गई थी।

आत्मनिर्भर भारत, स्वदेशी, वोकल फॉर लोकल और समृद्ध भारत नामक चार मूलभूत स्तंभों पर केंद्रित इस पहल को जमीनी स्तर पर व्यापक प्रतिक्रिया मिली। इसके अंतर्गत आइडिया और प्रोटोटाइप ट्रैक दोनों में कुल 2,87,967 परियोजना प्रस्तुतियां प्रस्तुत की गईं।

विकसित भारत बिल्डाथॉन भारत में स्कूली नवाचार के निरंतर विकसित होते पारितंत्र को बढ़ाता है। यह युवा विद्यार्थियों को कक्षा में सीखने वाले विद्यार्थियों से आगे बढ़कर समस्या-समाधानकर्ता, पेटेंट धारक और भविष्य उद्यमी बनने के लिए प्रोत्साहित करता है, जो विकसित भारत के दृष्टिकोण को साकार करने में सहायक होंगे।

पीके/केसी/आरटी/एकेवी/केएस