श्री भगवत प्रसाद मकवाना ने आज राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग(एनसीएसके) के अध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण किया। भारत सरकार ने 6 सितंबर 2026 को श्री मकवाना को इस पद पर नियुक्त किया था।

वे पहले उत्तराखंड सरकार के सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष और अध्यक्ष रह चुके हैं। उन्होंने एनएचपीसी के बोर्ड में स्वतंत्र निदेशक और ‘हाथ से मैला ढोने वालों के नियोजन का प्रतिषेध और उनका पुनर्वास अधिनियम, 2013’ के तहत गठित केंद्रीय निगरानी समिति के सदस्य के तौर पर भी काम किया है।

पदभार ग्रहण करने के बाद, श्री मकवाना ने सफाई कर्मचारियों के अधिकारों और सम्मान की रक्षा करने तथा उनके सामाजिक-आर्थिक कल्याण को आगे बढ़ाने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने देश भर में उनके कल्याण और सशक्तिकरण की दिशा में आयोग के प्रयासों को और मजबूत करने पर भी जोर दिया।

श्री मकवाना अर्थशास्त्र में स्नात्कोत्तर(मास्टर डिग्री धारक) हैं और उन्हें सामाजिक कार्य, विशेष रूप से अनुसूचित जाति समुदायों के कल्याण और सशक्तिकरण से जुड़े मामलों में व्यापक अनुभव है।