मेरा युवा भारत रेवाड़ी, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा “नशा मुक्त युवा–विकसित भारत संकल्प अभियान” के तहत युवाओं को नशे से दूर रखने और खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से शनिवार को रेवाड़ी फेंसिंग सेंटर में एपी फेंसिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की इस पहल के अंतर्गत 100 सप्ताह तक देशभर में जागरूकता एवं जनभागीदारी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी संदेश के साथ खिलाड़ियों को अपनी ऊर्जा खेल, अनुशासन, शिक्षा और राष्ट्र निर्माण में लगाने के लिए प्रेरित किया गया। प्रतियोगिता में साहिल यादव ने प्रथम, यक्षित ने द्वितीय और प्रिंस ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर एशियन गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले सचिन, एशियन कैडेट कप कांस्य पदक विजेता जितेश यादव तथा कैडेट नेशनल चैंपियन विवेक कुमार को सम्मानित किया गया। सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए।
जिला युवा अधिकारी सुमित यादव ने बताया कि इस सप्ताह अभियान का मुख्य संदेश नशे से दूरी के साथ पारंपरिक खेलों से जुड़ाव के साथ स्वस्थ युवा, मजबूत भारत, विकसित भारत है। इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाना, खेल भावना को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा। यह प्रतियोगिता सभी खिलाड़ियों के लिए एक प्रेरणादायक अनुभव रही। कार्यक्रम में रेवाड़ी फेंसिंग सेंटर प्रशिक्षक राजपाल ने युवाओं को नशे से दूर रहने, अपने परिवार और समाज तक इस संदेश को पहुँचाने हेतु प्रतिज्ञा करवाई गई। मेरा युवा भारत रेवाड़ी से प्रशासनिक सहायक विनय राव और सुशील उपस्थित रहे।



