सिरसा, 17 अक्टूबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयुष विभाग, सिरसा की ओर से गांव धोलपालिया, भरोखां और शेखूपुरिया में ग्रामीणों को औषधीय पौधों के महत्व के प्रति जागरूक किया गया और पौधारोपण किया।

जिला आयुष अधिकारी डॉ. आशु शर्मा ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य जनकल्याण से जुड़ी गतिविधियों के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के महत्व के प्रति जागरूक करना है। औषधीय पौधे हमारे जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इन पौधों के प्रति जागरूकता बढ़ाकर लोगों को आयुष पद्धति और प्राकृतिक चिकित्सा से जुड़ी उपयोगी जानकारी उपलब्ध करवाई जा सकती है।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों में औषधीय पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही, औषधीय पौधों के संरक्षण और पर्यावरण को स्वच्छ एवं हरा-भरा बनाए रखने में जनभागीदारी का महत्व भी बताया गया।

इसके अलावा ग्रामीणों को अच्छे स्वास्थ्य के लिए नियमित योग, व्यायाम और आयुर्वेद को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया। उन्हें बताया गया कि नियमित योगाभ्यास और शारीरिक व्यायाम से शरीर को स्वस्थ रखने में मदद मिलती है, जबकि आयुर्वेदिक जीवनशैली अपनाकर स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सकती है। लोगों से अपील की गई कि वे स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहकर अपने परिवार एवं समाज को भी इसके लिए प्रेरित करें।