करनाल, 17 अक्तूबर। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित सेवा संकल्प अभियान के तहत शनिवार को गांव नलवीपार में सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण ने शिविर में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाकर आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी व मौके पर ही लाभ दिया गया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए स्टॉलों का अवलोकन किया और कर्मचारियों व लाभार्थियों से बातचीत कर योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुने और उनका नियमानुसार समाधान सुनिश्चित करें।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण ने कहा कि सेवा सेतु शिविर आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य सभी विभागों को एक मंच पर लाकर लोगों की समस्याओं का समाधान करना और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना है। कुछ समस्याओं का समाधान मौके पर ही हो जाता है, जबकि कुछ मामलों में दस्तावेजों की कमी या विभागीय प्रक्रिया के कारण समय लगता है। ऐसे मामलों में संबंधित विभागों को आगे की कार्रवाई तेजी से करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाएं जिस वर्ग के लिए बनाई गई हैं, उनका लाभ उसी वर्ग के पात्र लोगों को मिलना चाहिए। सरकार के खजाने पर सभी का अधिकार है, लेकिन गरीब, दिव्यांग और जरूरतमंद व्यक्तियों की सहायता करना प्राथमिक जिम्मेदारी है। समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति और अधिकारी का कर्तव्य है कि वह जरूरतमंदों की कठिनाइयों को कम करने में अपना योगदान दे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा को शासन का प्रमुख आधार बनाया गया है। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को भी इसी भावना के साथ काम करना चाहिए। जनता अपने प्रतिनिधियों को केवल वोट नहीं देती, बल्कि विश्वास भी सौंपती है। इस विश्वास पर खरा उतरने के लिए लोगों की जरूरतों को समझना और उनकी समस्याओं का समाधान करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद क्षेत्र में विकास के कार्यों में उल्लेखनीय बदलाव आया है। गांवों में सामुदायिक केंद्रों का निर्माण, गलियों को पक्का करने, जल निकासी की व्यवस्था सुधारने, अस्पतालों के निर्माण और स्कूलों को अपग्रेड करने सहित अनेक कार्य किए गए हैं। उन्होंने बताया कि पिछले दो कार्यकाल में लगभग 17 स्कूलों को 12वीं कक्षा तक अपग्रेड करवाए गए हैं ताकि विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई के लिए दूसरे स्थानों पर जाने की परेशानी न हो।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। आने वाले समय में पांच से आठ गांवों के समूह के लिए बड़े खेल मैदान और स्टेडियम विकसित करने की योजना पर काम किया जाएगा। इसका उद्देश्य ग्रामीण युवाओं को खेलों के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाना और उन्हें नशे जैसी बुराइयों से दूर रखना है। इसके अलावा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से प्रशिक्षण की व्यवस्था की जा रही है, ताकि वे अपने उत्पादों की गुणवत्ता बढ़ाकर परिवार की आमदनी में योगदान दे सकें। उन्होंने क्षेत्र में बन रही मेडिकल यूनिवर्सिटी का उल्लेख करते हुए कहा कि यह एक बड़ी परियोजना है। इसके तहत सुपर स्पेशियलिटी स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होने से लोगों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए दिल्ली और चंडीगढ़ जैसे शहरों में जाने की आवश्यकता कम होगी। इसके साथ ही एनसीसी अकादमी और रिंग रोड जैसी परियोजनाएं भी क्षेत्र के विकास को नई गति देंगी।

युवाओं को नशे से बचाने के लिए समाज ले संकल्प

विधानसभा अध्यक्ष ने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि केवल विकास कार्यों से समाज की प्रगति सुनिश्चित नहीं हो सकती, बल्कि इसके लिए सामाजिक वातावरण का स्वस्थ और सकारात्मक होना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अभिभावक को पहले स्वयं नशे से दूर रहने का संकल्प लेना चाहिए, ताकि बच्चे भी उनसे प्रेरणा लेकर सही रास्ते पर चलें। उन्होंने कहा कि बच्चों को शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार देना भी जरूरी है। उन्हें सही और गलत के बीच अंतर समझाना तथा जिम्मेदार नागरिक बनाना परिवार और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि युवा नशे की गिरफ्त में आ जाते हैं, तो विकास के लिए किए गए प्रयासों का पूरा लाभ समाज को नहीं मिल पाएगा। इसलिए सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, अभिभावकों और सामाजिक संगठनों को मिलकर इस दिशा में काम करना चाहिए।

इस मौके पर एसडीएम देवेन्द्र शर्मा, सरपंच पूरण सिंह, जोगिंदर राणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व गांववासी मौजूद रहे

उप स्वास्थ्य केंद्र नलवी का किया निरीक्षण

सेवा संकल्प अभियान के तहत गांव नलवी में आयोजित सेवा सेतु शिविर के दौरान हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने उप स्वास्थ्य केंद्र नलवी का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्वयं भी स्वास्थ्य जांच करवाई।