रोहतक, 15 अक्तूबर: उपायुक्त सतबीर सिंह के निर्देशानुसार सेवा संकल्प अभियान के मॉड्यूल सेवा सेतु के तहत जिला के गांव फरमाणा में सेवा सेतु शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर में संबंधित विभागों द्वारा स्टाॅल लगाकर पात्रता अनुसार ग्रामीणों का विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान करने के लिए पंजीकरण किया गया। पंजीकृत किये गये व्यक्तियों को योजना का लाभ प्रदान कर उनकी आर्थिक स्थिति को सुदृढ किया जायेगा।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सेवा एवं संकल्प के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में 17 अक्तूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के विभिन्न मॉड्यूल के तहत संबंधित विभागों द्वारा जनकल्याण की विभिन्न गतिविधियां आयोजित करवाई जा रही है। जिला प्रशासन द्वारा महम सहकारी चीनी मिल के प्रबंध निदेशक मुकुल तंवर को सेवा सेतु मॉड्यूल के तहत आयोजित किये जा रहे सेवा सेतु शिविरों का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
सेवा संकल्प अभियान का मुख्य उद्देश्य गरीब पात्र व्यक्तियों तक उनके घर द्वार पर सरकार द्वारा क्रियान्वित की जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं तथा सेवाओं का अविलंब लाभ पहुंचाना है। पात्र गरीब व्यक्तियों को इन योजनाओं का लाभ पहुंचाकर उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाना है ताकि वे समाज व देश के विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें सके।




