नूंह, 8 अक्टूबर। जिले के युवाओं को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध करवाने के लिए 9 अक्टूबर को एसएचकेएम राजकीय मेडिकल कॉलेज, नल्हड़ में जिला स्तरीय जॉब फेयर आयोजित किया जाएगा। रोजगार मेले में विभिन्न औद्योगिक एवं निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियां युवाओं की शैक्षणिक योग्यता, तकनीकी दक्षता और कौशल के अनुरूप उनका चयन करेंगी। जिला प्रशासन द्वारा जॉब फेयर को सफल बनाने के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

जॉब फेयर का आयोजन के लिए एडीसी ज्योति ने लघु सचिवालय स्थित सभागार में अधिकारियों की बैठक में बताया कि हरियाणा सरकार के युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता राज्य मंत्री गौरव गौतम कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय जॉब फेयर में कम से कम 600 आईटीआई, पॉलिटेक्निक तथा अन्य उच्चतर शिक्षा एवं तकनीकी संस्थानों से उत्तीर्ण युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने का लक्ष्य रखा गया है।

आईटीआई नूंह के प्रिंसिपल सुधीर कुमार ने बताया कि रोजगार मेले में जिले के सभी राजकीय एवं निजी आईटीआई, पॉलिटेक्निक संस्थानों तथा अन्य उच्चतर शिक्षा एवं कौशल विकास संस्थानों की भागीदारी रहेगी। आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक एवं अन्य उच्चतर शिक्षा प्राप्त युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि जॉब फेयर में मैन्युफैक्चरिंग, ऑटोमोबाइल, लॉजिस्टिक्स, आईटीआई ट्रेड्स, हेल्थकेयर सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी कंपनियां युवाओं का चयन करेंगी। चयन प्रक्रिया में सफल युवाओं को मौके पर ही नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।

आईटीआई प्रिंसिपल सुधीर कुमार ने जिले के युवाओं से अपील की कि वे अपने शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों एवं आवश्यक दस्तावेजों के साथ अधिक से अधिक संख्या में जॉब फेयर में पहुंचें। उन्होंने कहा कि यह रोजगार मेला युवाओं को निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियों से सीधे जुड़ने और अपनी योग्यता व कौशल के अनुसार बेहतर करियर अवसर प्राप्त करने का महत्वपूर्ण मंच है।