निसिंग/करनाल , 29 सितंबर। असंध के विधायक योगेन्द्र राणा ने मंगलवार को जुंडला अनाज मंडी का दौरा कर धान खरीद कार्य शुरू करवाया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने खरीद कार्यो को लेकर मंडी अधिकारियों, आढ़तियों व खरीद एजेंसियों के अधिकारियों से बातचीत की और जरूरी दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी व कर्मचारी धान खरीद कार्य में तत्परता से अपनी ड्यूटी निभाए। उन्होंने निर्देश दिए कि किसानों को अपनी फसल बेचने में किसी भी तरह की परेशानी न आए और तय समय पर उनके खाते में पेमेंट का भुगतान हो।
विधायक ने अपने दौरे के दौरान मंडी में साफ सफाई व गेट पर किसानों के गेट पास की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि गेट पास काटे जाने के दौरान किसी तरह की कोताही न बरती जाए। इसके बाद उन्होंने धान की ढ़ेरियों पर पहुंचकर खरीद प्रक्रिया का जायजा लिया और धान की नमी चेक करवाई। उन्होंने मंडी अधिकारियों से कहा कि किसानों की सुविधा के लिए मंडी परिसर में साफ-सफाई, कैंटीन में भोजन की गुणवत्ता, परिसर में लाइट, पीने के पानी की व्यवस्था, सार्वजनिक शौचालयों की सफाई प्रतिदिन सुचारू रूप से होनी चाहिए। विधायक ने खरीद एजेंसियों के अधिकारियों को कहा कि जो भी धान खरीदा जाए उसे 48 घंटे के अंदर मंडी से उठाया जाए। फसल के उठान के लिए पर्याप्त संख्या में ट्रांसपोर्टेशन भी होना चाहिए और फसल के उठान और उतरवाने के लिए पर्याप्त संख्या में श्रमिक भी होने चाहिए। विधायक ने इस दौरान मार्केट कमेटी द्वारा की गई तैयारियों की भी समीक्षा की और खरीद एजेंसियों व आढ़तियों से भी बातचीत की। उन्होंने कहा कि फसल तुलाई संबंधी कोई समस्या न आए।
उन्होंने इस दौरान किसानों व श्रमिकों से बातचीत की और आश्वासन दिया कि फसल खरीद कार्य में उन्हें किसी भी प्रकार की कोई समस्या नहीं आने दी जाएगी। विधायक योगेन्द्र राणा ने किसानों को आश्वस्त किया कि सरकार उनकी उपज की खरीद समय पर और पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित करने के अलावा भुगतान भी समय पर करेगी।
विधायक ने किसानों से अपील की कि वे अपनी धान की फसल को निर्धारित नमी मानकों के अनुरूप तैयार करके अच्छी तरह से सुखाकर ही मंडी में लेकर आएं, ताकि खरीद प्रक्रिया में अनावश्यक देरी न हो। उन्होंने कहा कि यदि किसी किसान को मंडी में खरीद प्रक्रिया से संबंधित कोई समस्या आती है तो वह तुरंत संबंधित अधिकारी के संज्ञान में लाएं, ताकि उसका समयबद्ध समाधान किया जा सके।उन्होंने कहा कि किसानों की मेहनत की फसल की सुचारू खरीद और मंडी में उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है
इस मौके पर मार्किट कमेटी के चेयरमैन सुशील शर्मा, ब्लॉक समिति चेयरमैन सतीश दादुपुर, मार्किट कमेटी सचिव राकेश गहलावत, फ़ूड सप्लाई सब इंस्पेक्टर दीपक, मंडी प्रधान रमेश कुमार, मायाराम दादुपुर, मंडलाध्यक्ष राहुल बिडमाजरा,पप्पी हथलाना,सतपाल जैन, सुरेन्द्र जानी, अनिल बांसा, प्रेम काम्बोज, नरसी राम सहित मंडी आढ़ती व किसान मौजूद रहे।


_20261018185332_559059.jpeg)

