नूंह, 24 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन सामुदायिक केंद्र बाल भवन, नूंह में किया गया। प्रतियोगिताओं में जिले के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता एवं विचार अभिव्यक्ति का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का आयोजन जिला शिक्षा अधिकारी राजेंद्र शर्मा एवं जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी मामराज रावत व एफ एल एन कोऑर्डिनेटर कुसुम मलिक के कुशल नेतृत्व में किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां शारदा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। मंच संचालन डॉ. संजय एवं दीपक मेवाती ने किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसीयूटी अमितेज पांगती ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों को सपने देखने और उन्हें लक्ष्य में बदलने के लिए प्रेरित करना बेहद महत्वपूर्ण है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य देश के प्रत्येक नागरिक, विशेषकर युवाओं एवं विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी से साकार होगा। उन्होंने कहा कि बच्चों में देश के भविष्य को लेकर दिखाई दे रही सोच, रचनात्मकता और उत्साह सकारात्मक संकेत है।

उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से प्रत्येक व्यक्ति को अपने कार्यों में सेवा भावना को शामिल करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। समाज की सेवा के लिए हमेशा बड़े मंच या बड़े संसाधनों की आवश्यकता नहीं होती, बल्कि व्यक्ति अपने आसपास के लोगों की सहायता करके भी समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकता है।

विद्यार्थियों ने चित्रों और भाषणों के माध्यम से व्यक्त किए अपने विचार

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने ‘मेरे सपनों का भारत’ सहित सेवा संकल्प अभियान से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने निर्धारित विषय पर प्रभावशाली ढंग से विचार रखे, वहीं चित्रकला प्रतियोगिता में रंगों एवं रचनात्मक कल्पना के माध्यम से अपने सपनों के भारत की तस्वीर कागज पर उकेरी। विद्यार्थियों की रचनाओं में विकसित भारत-2047, सामाजिक जागरूकता, सेवा भावना, पर्यावरण संरक्षण एवं राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों की झलक देखने को मिली।

सेवा संकल्प अभियान के जिला संयोजक नरेंद्र पटेल ने कहा कि स्वच्छता, सेवा एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा देने के लिए जिले के विद्यालयों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें विद्यार्थियों ने उत्साह और लगन के साथ भाग लिया। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी देश का भविष्य हैं और उनकी रचनात्मक सोच राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों ने चित्रकला के माध्यम से भारत के वर्तमान और भविष्य की कल्पना को प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा क्षेत्र के विकास एवं युवाओं के लिए विभिन्न अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

साढ़े चार सौ से अधिक विद्यार्थियों ने लिया भाग

शिक्षा विभाग की जिला कॉर्डिनेटर डॉ. कुसुम मलिक ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित जिला स्तरीय भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं में जिले के विभिन्न विद्यालयों के साढ़े चार सौ से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 5,100 रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 3,100 रुपये, तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 2,100 रुपये तथा चतुर्थ स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 1,100 रुपये की पुरस्कार राशि उनके बैंक खातों में स्थानांतरित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में सेवा, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करते हैं।

कक्षा 1 से 8 वर्ग की भाषण प्रतियोगिता में राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, नूंह के प्रयाण ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, उजीना की शिवानी ने द्वितीय, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, पुन्हाना की राधिका ने तृतीय तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, हसनपुर तावडू के नक्ष ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया।

कक्षा 9 से 12 वर्ग की भाषण प्रतियोगिता में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, पिंगनवा की शिफा ने प्रथम, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, रनियाला पटाकपुर की अस्मा ने द्वितीय, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, उदाका की सोनम ने तृतीय तथा राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, नूंह द्वितीय की आराधना ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया।

कक्षा 1 से 8 वर्ग की चित्रकला प्रतियोगिता में पीएम श्री स्कूल, पिंगनवा के डब्बू ने प्रथम, पीएम श्री विद्यालय, फिरोजपुर नमक की जोया बेगम ने द्वितीय, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, आकेड़ा की प्रियंका ने तृतीय तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सांगेल की अंजलि ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया।

कक्षा 9 से 12 वर्ग की चित्रकला प्रतियोगिता में राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, फिरोजपुर झिरका के अनीश ने प्रथम, पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मांडीखेड़ा की प्रियांशी ने द्वितीय, राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, नूंह द्वितीय की मुस्कान ने तृतीय तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, देवला नंगली की तर्जुमा ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया।

‘विकसित भारत’ की रंगोली रही आकर्षण का केंद्र

कार्यक्रम के दौरान ‘विकसित भारत’ की आकर्षक ऑर्गेनिक रंगोली विशेष आकर्षण का केंद्र रही। पीजीटी फाइन आर्ट प्रतिभा गर्ग एवं पूनम के साथ ड्राइंग शिक्षकों उमेश, प्रीति राघव एवं हरिकिशन ने मिलकर रंगोली के माध्यम से विकसित भारत, आरोग्य भारत, निपुण भारत तथा डिजिटल इंडिया-यूपीआई की संकल्पना को रचनात्मक रूप से प्रस्तुत किया। रंगोली के माध्यम से देश के विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं डिजिटल प्रगति का संदेश दिया गया, जिसकी विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों ने सराहना की।

प्रतियोगिता के समापन अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी नूंह मनवीर सिंह, डीएमएस ईएम खान, प्रवक्ता दिनेश गोयल, प्राचार्य सीमा पुनिया, किरण यादव, डॉ. सुलक्षणा, देव शर्मा सहित जूरी सदस्य मनजीत कुमार, डॉ. राजेश, सोनिया, प्रतिभा, पूनम, उमेश, हरिकिशन, प्रीति राघव, अनिल शर्मा, संजीव कुमार, विनय श्योराण, शारदा, उदित, नवीन, सतपाल एवं अब्दुल वारिश मौजूद रहे।