जिला स्तर पर विभिन्न शिकायत पोर्टल की कार्य प्रगति और लंबित शिकायतों के निवारण को लेकर बृहस्पतिवार को उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। उन्होंने बैठक में सीएम विंडो, सीपीग्राम, एसएमजीटी तथा समाधान शिविर के माध्यम से प्राप्त शिकायतों की स्थिति एवं उनके निस्तारण की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को सभी लंबित शिकायतों को जल्द से जल्द निपटारा कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिला प्रशासन का उद्देश्य पारदर्शी, जवाबदेह एवं जनहितकारी व्यवस्था सुनिश्चित करना है, ताकि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े और उन्हें सरकारी सेवाओं का लाभ समय पर मिल सके।
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभिन्न पोर्टलों पर प्राप्त सभा शिकायतों का नियमानुसार एवं समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित कर शून्य किया जाए। उन्होंने शिकायतों को लंबित रखने के बजाय संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक कार्रवाई करते हुए उनकी स्थिति को पोर्टल पर अपडेट करने पर जोर दिया। उन्होंने शिकायत निवारण प्रक्रिया में विभागीय समन्वय को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि जिन शिकायतों में एक से अधिक विभागों की भूमिका है, उनमें आपसी तालमेल के साथ कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही, शिकायतकर्ता को नियमानुसार कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध करवाने पर भी ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद जितेंद्र कुमार, एसडीएम भूपेंद्र सिंह, नगराधीश प्रीति रावत, जिला राजस्व अधिकारी बलराज सिंह, तहसीलदार पलवल दिनेश कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




